Saturday, April 4, 2009

चिड़ियाघर में पर्यटकों का रिकॉर्ड

मैसूर। शहर में मैसूर चिड़ियाघर के नाम से विख्यात श्रीचामराजेन्द्र जूलॉजिकल गार्डन ने वर्ष 2008-09 के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष यहां रिकॉर्ड संख्या में पयर्टक आए हैं।
चिड़ियाघर के कार्यकारी निदेशक विजय राजन सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि वैश्विक आर्थिक मंदी के दौर में मैसूर चिड़ियाघर ने बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित किया है। मार्च के अंत तक यहां लगभग 21 लाख 40 हजार से अधिक पर्यटक आ चुके थे। इनमें चार लाख से अधिक स्कूली विद्यार्थी भी शामिल हैं। इसके साथ ही चिड़ियाघर ने राजस्व संग्रहण में भी नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। पिछले वित्तीय वर्ष में चिड़ियाघर ने पांच करोड़ आठ लाख रुपए राजस्व के रूप में एकत्रित किए थे, जो इस वर्ष बढ़कर छह करोड़ 54 लाख रुपए तक पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि महलों का शहर मैसूर दक्षिण भारत का एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है और अब वह पर्यटकों की प्राथमिकता सूची में वह काफी ऊपर रहता है। चिड़ियाघर की योजना इसके सम्पूर्ण विकास के लिए एक व्यापक परियोजना तैयार करने की है, जिसमें यहां के पशु-पक्षियों और जीव-जन्तुओं का बेहतर ढंग से संक्षरण किया जा सकेगा। साथ ही, यहां बुनियादी सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया जा सकेगा। यहां दुलर्भ प्रजाति के जीव-जन्तुओं के प्रजनन की सुविधा भी विकसित की जाएगी। सिंह ने चिड़ियाघर द्वारा यहां के पशु-पक्षियों को गोद देने की योजना में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। वर्ष 2008-09 के दौरान चिड़ियाघर के 194 पशु-पक्षी विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों ने गोद लिए हैं। इनमें बहुत बड़ी संख्या हाथियों और शेरों की है। गोद लेने की इस योजना के अंतर्गत 32 लाख 68 हजार 689 रुपए की राशि एकत्रित की गई है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर पशुओं को गोद लेने का चलन पश्चिमी देशों में रहा है लेकिन आजकल भारत में भी इस नए चलन को अच्छा समर्थन मिल रहा है।
देश में पशु-पक्षियों को गोद लेने की योजना वर्ष 1984 में प्रारम्भ की गई थी लेकिन उस समय इस योजना को उचित समर्थन नहीं मिल पाया और वह बंद हो गई। बाद में वर्ष 2001 में इसकी पुनः शुरुआत की गई। मैसूर चिड़ियाघर देश के गिने-चुने सफलतम चिड़ियाघरों में से एक है और यहां गोद लेने वाली योजना को बहुत अधिक समर्थन मिला है। यह देश के सबसे पुराने चिड़ियाघरों में से भी एक है और अन्य चिड़ियाघरों के लिए एक आदर्श है।

No comments:

Post a Comment